UP

उद्योग बन्धु बैठक में लिए गए अहम फैसले, नाथधाम एमएसएमई टाउनशिप को मिली रफ्तार

बरेली, 30 दिसंबर । उत्तर प्रदेश के बरेली में मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में औद्योगिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नाथधाम एमएसएमई टाउनशिप योजना के तहत जमीन खरीदने के लिए दर निर्धारण क्रय समिति के गठन की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जनवरी 2026 के अंत तक भूमि क्रय की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

बैठक में औद्योगिक इकाइयों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। एनएचएआई, मुरादाबाद के अधिकारियों ने बताया कि फतेहगंज के पास ग्राम टूलिया में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर दो ट्रक-ले-बाय का निर्माण कार्य 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। शेष कार्य आगामी 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा, जिससे औद्योगिक इकाइयों को बड़ी राहत मिलेगी।

रामा-श्यामा पेपर मिल रोड (एनएच-30 से बहादुरपुर मार्ग) के अनुरक्षण कार्य को लेकर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि तकनीकी निविदा की प्रक्रिया चल रही है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

बैठक में परसाखेड़ा और सीबीगंज औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सुधार पर भी जानकारी दी गई। मुख्य अभियंता विद्युत ने बताया कि परसाखेड़ा उपकेंद्र पर पर्याप्त स्टाफ तैनात कर दिया गया है। ट्रिपिंग की समस्या के समाधान के लिए लाइन मेंटीनेंस और ट्री कटिंग का कार्य पूरा कराया गया है। साथ ही उपकेंद्रों से जुड़े स्टाफ और क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल के मोबाइल नंबर व्हाट्सएप ग्रुपों पर साझा किए गए हैं। हर माह 6 और 7 तारीख को मेगा कैंप भी लगाया जा रहा है, जिससे उद्यमियों ने संतोष जताया।

बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. मणिकंडन ए., प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी, मुख्य अभियंता विद्युत ज्ञान प्रकाश, उपायुक्त उद्योग विकास यादव सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।