केआईडब्ल्यूजी : पुरुष आइस हॉकी स्पर्धा के फाइनल में चंडीगढ़ का मौजूदा चैंपियन आर्मी से होगा मुकाबला
लेह (लद्दाख), 25 जनवरी । खेलो इंडिया विंटर गेम्स (केआईडब्ल्यूजी) में सोमवार यानी गणतंत्र दिवस चंडीगढ़ के लिए बेहद खास होने जा रहा है। पुरुष आइस हॉकी स्पर्धा के अपने पहले फाइनल में मौजूदा चैंपियन आर्मी का सामना करेगी।
फाइनल में पहुंचना ही अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है, लेकिन चंडीगढ़ की टीम ने साफ कर दिया है कि वे सिर्फ भाग लेने नहीं, बल्कि कड़ी टक्कर देने उतरे हैं। वहीं, डिफेंडिंग चैंपियन आर्मी भी इस मुकाबले को हल्के में लेने के मूड में नहीं है।
चंडीगढ़ की पुरुष टीम ने एक रोमांचक सेमीफाइनल में मेजबान लद्दाख को 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि मैदानों से आने वाली इस टीम ने बर्फीले क्षेत्र की मजबूत टीम को उसके घरेलू माहौल में चौंकाया।
लद्दाख और हिमाचल प्रदेश जैसे क्षेत्रों के खिलाड़ियों को प्राकृतिक बर्फ और जमी हुई झीलों पर खेलने का लाभ मिलता है, जबकि चंडीगढ़, राजस्थान, कर्नाटक और तेलंगाना जैसी टीमों के पास ऐसी सुविधाएं नहीं हैं। ये टीमें आमतौर पर इन-लाइन हॉकी खेलती हैं और फिर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से पहले सीमित समय के लिए आइस पर अभ्यास करती हैं। ऐसे में लद्दाख के खिलाफ चंडीगढ़ की यह जीत और भी ऐतिहासिक बन जाती है।
ऐतिहासिक जीत के बाद चंडीगढ़ के मुख्य कोच गौरव रहेजा बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने साई मीडिया से कहा कि मैच से पहले हमारा फोकस सिर्फ अपने प्रदर्शन पर था, लेकिन जिस तरह खिलाड़ियों ने जज्बा दिखाया और दर्शकों ने हमारा साथ दिया, उसी ने हमें यह जीत दिलाई।
शनिवार को चंडीगढ़ के लिए जश्न दोगुना हो गया, जब महिला टीम ने अतिरिक्त समय में हिमाचल प्रदेश को 4-3 से हराकर आईस हॉकी कांस्य पदक अपने नाम किया। इस जीत ने पुरुष टीम को भी जबरदस्त प्रेरणा दी। कोच रहेजा ने कहा कि महिला टीम की जीत ने हमें भरोसा दिया कि हम भी यह कर सकते हैं। उसी विश्वास ने हमारे लड़कों को प्रेरित किया। यह दिन चंडीगढ़, चंडीगढ़ खेल विभाग और हमारी आइस हॉकी फेडरेशन के लिए हमेशा यादगार रहेगा।
चंडीगढ़ टीम के कप्तान उन्नतवीर सिंह ने साई मीडिया से कहा कि 2025 के खेलो इंडिया विंटर गेम्स हमारे लिए आइस हॉकी खेलने का पहला अनुभव था। चंडीगढ़ में आइस रिंक नहीं होने की वजह से हमें अभ्यास के ज्यादा मौके नहीं मिलते। हम सप्ताहांत में देहरादून जाकर अभ्यास करते हैं, लेकिन कॉलेज और अन्य प्रतिबद्धताओं के कारण सभी खिलाड़ी हर बार साथ नहीं जा पाते। हम बारी-बारी से अभ्यास करते हैं। उन्होंने कहा कि कल होने वाले मैच को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं और अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हूं।
उधर, मौजूदा चैंपियन आर्मी भी पूरी तैयारी के साथ उतरने को तैयार है। टीम के कप्तान त्सेवांग नामग्याल ने कहा कि चंडीगढ़ ने लद्दाख के खिलाफ बेहतरीन खेल दिखाया। उनकी स्किल और मानसिकता में पूरा तालमेल है और वे एक तेज टीम हैं। उनके खिलाफ खेलना हमारे लिए सम्मान की बात होगी।

