हरियाणा में निगम चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी : सुशील गुप्ता
चंडीगढ़, 27 जनवरी । आम आदमी पार्टी (आआपा) ने हरियाणा में निगम चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। आआपा यह चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़ेगी।
आआपा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.सुशील गुप्ता ने मंगलवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी हरियाणा की जनता के लिए एक स्वाभाविक और भरोसेमंद विकल्प बनकर उभर रही है। इससे पूर्व सुबह चंडीगढ़ के सेक्टर-3 स्थित हरियाणा प्रदेश कार्यालय का पुनारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी ने सोनीपत, पंचकूला और अंबाला नगर निगम चुनावों के लिए जिला प्रभारी और वार्ड प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। पार्टी ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए चुनावी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इन चुनावों में भाजपा के भ्रष्टाचार, लूट और जनविरोधी नीतियों को मुख्य मुद्दा बनाएगी। तथाकथित ट्रिपल इंजन की सरकार विकास के लिए नहीं, बल्कि सत्ताधारी नेताओं के निजी स्वार्थों को साधने का माध्यम बन चुकी है। भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए डॉ.गुप्ता ने कहा कि चुनाव से पहले ठेका कर्मचारियों को पक्की नौकरी का सपना दिखाया गया, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार ने ऐसे जटिल नियम और शर्तें लागू कर दी कि कर्मचारी उन्हें पूरा ही नहीं कर पा रहे। उन्होंने कहा कि कानून बनाकर सरकारी पोर्टल पर ऐसी शर्तें डाल दी गईं कि ठेका कर्मचारी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। यह भाजपा का एक और चुनावी स्टंट साबित हुआ है।
हरियाणा के युवाओं को वंचित कर बाहरी राज्यों के युवाओं को नौकरियां देने की साजिश की जा रही है। पिछड़े वर्गों के छात्रों पर 35 प्रतिशत अंकों की अनिवार्यता थोपकर स्थानीय प्रतिभाओं को बाहर किया जा रहा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुरेंद्र अहलावत, आदर्श पाल गुर्जर, नरेंद्र शर्मा, राजेंद्र शर्मा, रणदीप राणा, अश्विनी दुल्हेडा, ओम प्रकाश गुर्जर, डॉ. रजनीश जैन, राजीव मनोचा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

