UP

तेज रफ्तार डंपर ने ट्रक को मारी पीछे से टक्कर, चालक की मौके पर मौत

अमेठी, 25 जनवरी । अमेठी जिले के रामगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अयोध्या–प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। त्रिशुंडी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के निकट रात लगभग 12 बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने चलते ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी में मशक्क़त कर लाश को बाहर निकलवाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात वाहनों के टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। उन्होंने देखा कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू कराया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से ट्रक का गेट काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान 40 वर्षीय सोनू चौहान, निवासी जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया।

रामगंज थाना प्रभारी कृष्ण मोहन सिंह ने रविवार को बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। हादसे की सूचना ट्रक मालिक को दे दी गई थी, जिसके बाद उनकी दूसरी गाड़ी भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया गया।