बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे केंद्र सरकार: खाचरियावास
जयपुर, 06 जनवरी । पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू–मुस्लिम राजनीति के सहारे सत्ता में आई भाजपा सत्ता में आने के बाद हिंदुओं की सुरक्षा के प्रति असंवेदनशील साबित हुई है।
खाचरियावास ने मंगलवार को कहा कि देश में पिछले 12 वर्षों से भाजपा की सरकार है, लेकिन चुनाव के समय “हिंदू खतरे में है” जैसे नारे लगाने वाली पार्टी सत्ता में आने के बाद हिंदुओं को उनके हाल पर छोड़ देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यही भाजपा की असली नीति और चरित्र है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि वर्तमान में बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ रोजाना बर्बरता हो रही है। हत्याएं की जा रही हैं, उनके घर, मंदिर और व्यापार नष्ट किए जा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर मुद्दे पर केवल बयानबाजी तक सीमित है और हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह नाकाम रही है।
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों से ध्यान भटकाने के लिए देश के भीतर फिर से हिंदू–मुस्लिम का माहौल बनाया जा रहा है, ताकि असली मुद्दों से जनता का ध्यान हटाया जा सके और हिंदू संगठनों को गुमराह किया जा सके। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो पार्टी देश के भीतर हिंदू–मुस्लिम का वातावरण बना सकती है, वह बांग्लादेश में हिंदुओं की रक्षा क्यों नहीं कर पा रही। क्या हिंदुओं की जान केवल चुनाव के समय ही कीमती होती है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि भाजपा में नैतिकता बची है तो उसे बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए तत्काल कूटनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हिंदू समाज को अब नारों की नहीं, सुरक्षा की जरूरत है। अब भाषण नहीं, बल्कि कार्रवाई चाहिए।

