Haryana

जींद के रानी तालाब में डूबने से दुकानदार की मौत

जींद, 25 जनवरी । शहर के एक दुकानदार की रविवार को रानी तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रविवार को श्रद्धालुओं ने एक व्यक्ति के शव को रानी तालाब में तैरते हुए देखा।

इसकी सूचना पुलिस को दी गई। शव की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। मृतक की पहचान शहर के सैनी मोहल्ला निवासी रमेश बजाज के रूप में हुई। शहर थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव स्वजनों को सौंप दिया है।

पुलिस को दिए बयान में हेमंत ने बताया कि उसके पिता 52 वर्षीय रमेश बजाज शनिवार शाम को घर से टहलने की बात कह कर गए थे। उसके बाद से उनका कहीं कुछ पता नही चला और न ही वह घर वापस पहुंचे। उन्होंने आसपास तथा उसके पिता के दोस्तों के पास फोन करके पता किया लेकिन उसके पिता का कोई सुराग नही लगा। सुबह उन्हें सूचना मिली कि रानी तालाब में एक शव देखा गया है। हेमंत ने बताया कि यह उसके पिता का ही शव था। हेमंत ने बताया उसके पिता शिव चौक के पास चुन्नी की दुकान चलाते थे। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।