Delhi

गणतंत्र दिवस पर जनता के लिए खुले दिल्ली विधानसभा के द्वार

नई दिल्ली, 26 जनवरी । गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली विधानसभा ने अपने ऐतिहासिक परिसर के द्वार आम जनता के लिए खोल दिए। इस अवसर पर आयोजित विशेष समारोह में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि गणतंत्र दिवस जनता की शक्ति, हमारे संविधान की मजबूती और भारत की लोकतांत्रिक आत्मा के अटूट संकल्प का उत्सव है।

दो दिवसीय समारोह के दौरान विभिन्न वर्गों से आए नागरिकों, परिवारों, छात्रों और पर्यटकों ने बड़ी संख्या में विधानसभा परिसर का भ्रमण किया और गणतंत्र दिवस के उत्सव में भाग लिया। 115 वर्ष पुराने इस भवन को तिरंगे की रोशनी से सजाया गया, जो देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनकर उभरा।

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली पुलिस बैंड ने देशभक्ति से ओतप्रोत धुनें प्रस्तुत कीं।

अपने संबोधन में अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने संविधान निर्माताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ऐसे सार्वजनिक आयोजन नागरिकों, विशेषकर युवाओं को भारत के संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विधानसभा के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह भवन स्वतंत्रता संग्राम और लोकतांत्रिक विकास के कई महत्वपूर्ण क्षणों का साक्षी रहा है।

इससे पूर्व गणतंत्र दिवस की प्रातः अध्यक्ष ने अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्र व संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।