अपराधियों के विरुद्ध हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर की कार्रवाई करें पुलिस : डीआईजी
बागपत, 23 जनवरी । उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को बागपत पुलिस लाइन सभागार में अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान पुलिस के तमाम अधिकारी, थाना प्रभारी मौजूद रहे। उन्हाेंने निर्देश दिए कि गंभीर आपराधिक मामलों में अपराधियों के विरुद्ध हिस्ट्रीशीटर, गुंडा एक्ट और गैंगस्टर जैसी कार्रवाई की जाए।
डीआईजी मेरठ कलनिधि नैथानी शुक्रवार को बागपत पुलिस लाइन पहुंचे थे। यहां पर उन्हें सलामी दी गई। इसके बाद जिले की अपराध समीक्षा बैठक शुरू हुई। डीआईजी बागपत सर्किल के द्वारा विवेचना निस्तारण में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने पर उनके कार्यों की सराहना की गई, जबकि बड़ौत सर्किल में अपराध नियंत्रण के लिए सीओ बड़ौत और कोतवाली प्रभारी बड़ौत को चेतावनी दी।
उन्होंने निर्देश दिए की एक वर्ष से ज्यादा लंबित विवेचनाओं को थाना प्रभारी स्वयं करें। सभी क्षेत्राधिकारी प्रत्येक 15 दिन में ओआर लेकर विवेचनाओं पर नजर रखें। गंभीर आपराधिक मामलों में अपराधियों के विरुद्ध हिस्ट्रीशीटर, गुंडा एक्ट और गैंगस्टर जैसी कार्रवाई करें। गोकशी के मामलों में इनाम घोषित करें और उनमें शीघ्र गिरफ्तारी की जाए।
डीआईजी कला निधि नैथानी ने कहा कि एनसीआरपी और प्रतिबिंब पोर्टल का ज्यादा से ज्यादा प्रयोग किया जाए। साइबर अपराधों में एफआईआर दर्ज करने में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। कस्बो और चौराहों पर 24 घंटे ड्यूटी पिकेट लगाई जाए।
26 जनवरी, महाशिवरात्रि के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और तिरंगा यात्रा में प्रयाप्त पुलिस बल होने के निर्देश दिए हैं। सभी क्षेत्राधिकारी आगामी त्योहारों की खुद समीक्षा करेंगे।

