कोई भी अपराधी अभियोजन की कमजोरी के कारण दोषमुक्त न होने पाए: डीएम
मंगलवार काे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में अभियोजन कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकरण में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी अपराधी अभियोजन की कमजोरी के कारण दोषमुक्त न होने पाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम गत माह में दोषमुक्त हुए प्रकरणों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए सभी अभियोजकों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। गैंगेस्टर एक्ट से संबंधित प्रकरणों की विशेष समीक्षा करते हुए सभी अभियोजकों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में न्यायालय में प्रभावी, ठोस एवं तथ्यपरक पैरवी सुनिश्चित की जाए, जिससे अपराधियों को कठोर सजा दिलाई जा सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि गैंगेस्टर एक्ट के बेस मुकदमों में भी किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। विवेचना, साक्ष्य संकलन एवं अभियोजन के प्रत्येक चरण में पूरी गंभीरता के साथ कार्य किया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि अभियोजकगण अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए न्यायालय में सरकार का पक्ष मजबूती से रखें, ताकि संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित हो सके।

