UP

ग्रामीण विकास की रीढ़ होते हैं पंचायत भवन : साध्वी निरंजन ज्योति

फतेहपुर, 25 जनवरी । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को पूर्व केन्द्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने पंचायत भवन को लोकार्पण कर ग्रामवासियों को समर्पित किया। विकास खण्ड मलवां क्षेत्र के ग्राम पंचायत अभयपुर में विकास कार्यों को नई गति देते हुए बहुउद्देशीय योजना के तहत नवनिर्मित पंचायत भवन का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। पंचायत भवन का निर्माण 28.8 लाख रुपये की लागत से कराया गया है, जिससे ग्राम पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों को मजबूती मिलेगी।

इस नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पंचायत भवन ग्रामीण विकास की रीढ़ होते हैं। इससे ग्रामवासियों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी, बैठकों के आयोजन एवं प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

लोकार्पण समारोह में ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, ब्लॉक के अधिकारी, क्षेत्रीय कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।