इंदिरा गांधी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा विस्तार, डायलिसिस से लेकर ब्रेन हेल्थ तक सुविधाएं मजबूत
नई दिल्ली, 27 जनवरी । दिल्ली सरकार ने राजधानी की सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया। द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल (आईजीएच) में डायलिसिस, रेडियोलॉजी, ऑपरेशन थियेटर और ब्रेन हेल्थ क्लिनिक सहित कई महत्वपूर्ण चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया गया। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार की सुलभ, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पंकज सिंह ने बताया कि अस्पताल में डायलिसिस सेवाओं की क्षमता बढ़ाते हुए डायलिसिस बेड और मशीनों की संख्या 35 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है, जिससे किडनी रोगियों को इलाज के लिए कम प्रतीक्षा करनी पड़ेगी। वहीं, आपात और ट्रॉमा मामलों में त्वरित जांच के लिए रेडियोलॉजी विभाग में 500 एमए एक्स-रे मशीन की शुरुआत की गई है, जिससे सटीक और तेज निदान संभव हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि सर्जिकल सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ऑपरेशन थियेटर का समय अब सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक कर दिया गया है। इससे अधिक संख्या में शल्य क्रियाएं की जा सकेंगी और मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा। इसके साथ ही एम्स के कॉर्नियल रिट्रीवल सेंटर के सहयोग से एचआरसीटी के तहत कॉर्नियल रिट्रीवल सेवाएं भी शुरू की गई हैं, जिससे नेत्रदान को बढ़ावा मिलेगा व कॉर्निया प्रत्यारोपण की प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आईजीएच का ब्रेन हेल्थ क्लिनिक, जिसकी शुरुआत मई 2025 में हुई थी। अब मस्तिष्क और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। यहां प्रतिदिन 20–30 न्यूरोलॉजी तथा 15–20 मनोचिकित्सा और काउंसलिंग से जुड़े मरीजों को एकीकृत उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। सिरदर्द, दौरे, स्ट्रोक और व्यवहार संबंधी समस्याओं का इलाज एक ही छत के नीचे किया जा रहा है।
पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य अवसंरचना का विस्तार करना नहीं बल्कि संवेदनशील, समग्र और परिणामोन्मुख स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार भविष्य में भी सार्वजनिक अस्पतालों के आधुनिकीकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

