MP

भोपाल के ईंटखेड़ी में अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर

भोपाल, 24 जनवरी । मध्‍य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हुजूर तहसील क्षेत्र में शनिवार को अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। ईंटखेड़ी इलाके में करीब 8 करोड़ रुपये की जमीन पर विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों पर जेसीबी चलाकर गेट, टीन शेड और अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए, जबकि कॉलोनियों की अंदरूनी सड़कें भी उखाड़ दी गईं। इसके साथ ही एक अन्य स्थान से अतिक्रमण भी हटाया गया।

जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई अवकाश के दिन भी जारी रखते हुए यह साफ संदेश दिया कि अवैध कॉलोनी निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई एसडीएम हुजूर विनोद सोनकिया और तहसीलदार आलोक पारे के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

इन पर हुई कार्रवाई

प्रशासन के अनुसार, ईंटखेड़ी में रुखसाना पत्नी मो. मोहसिन, विनोद पुत्र उमेश साहू, रिजवान पुत्र मो. हनीफ और हीरालाल पुत्र बालमुकुंद द्वारा बिना अनुमति अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। एसडीएम विनोद सोनकिया ने बताया कि पहले इन कॉलोनियों में हुए निर्माण की जांच कराई गई थी। जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद शनिवार को जमीनी कार्रवाई की गई।

एफआईआर के बाद शुरू हुई जमीनी कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि जिले में अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ पहले एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसके बाद अब प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

सरकारी जमीन से भी हटाया अतिक्रमण

इसी क्रम में ग्राम परवारखेड़ा में सरकारी भूमि पर बनाए गए टीन शेड और बाउंड्रीवॉल को भी जेसीबी की मदद से तोड़ दिया गया। यह निर्माण पशुओं के लिए किया गया था, लेकिन अनुमति के अभाव में इसे अवैध मानते हुए हटाया गया।