Haryana

झज्जर : नेताजी का जीवन राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा का प्रतीक : धनखड़

झज्जर, 23 जनवरी । महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती शुक्रवार को पराक्रम दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन कर नेताजी के राष्ट्र के प्रति अद्वितीय योगदान को स्मरण किया गया और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री औमप्रकाश धनखड़ ने बादली विधानसभा क्षेत्र के गांव बाढ़सा में आयोजित विकसित भारत जी राम जी कार्यक्रम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी का जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा का प्रतीक है। आज का दिन हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम उनके दिखाए मार्ग पर चलकर एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें। नेताजी का नाराा ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा’ आज भी युवाओं में जोश और ऊर्जा भर देता है।

पूर्व मंत्री धनखड़ ने कहा कि देश लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया गेट पर वर्ष 2022 में नेता जी की प्रतिमा स्थापित की। नेता जी की भव्य प्रतिमा पूरे देशवासियों को प्रेरित करती है। नेताजी के नेतृत्व में आजाद हिंद फौज में हरियाणा के बहादुर सैनिकों का विशेष योगदान रहा है। आजाद हिंद फौज की बहादुरी से उस समय दुनिया की बड़ी ताकत अंग्रेजी हुकूमत घबरा गई थी।

वहीं झज्जर में नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। बहादुरगढ़ में नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी का संघर्षपूर्ण जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित लोगों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदर्शों को अपनाने और देश की एकताए अखंडता व विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।