UP

धूमधाम से मनाया गया रानी रेवती देवी में बसंत पंचमी, (पाटी पूजन) विद्यारंभ संस्कार

प्रयागराज, 23 जनवरी । विद्या भारती से संबद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर प्रयागराज में प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय के मार्गदर्शन में शुक्रवार को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर ज्ञान की देवी मां सरस्वती जी का प्राकट्य उत्सव, (पाटी पूजन) विद्यारंभ संस्कार के साथ-साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गयी। इस माैके पर विद्यालय का स्थापना दिवस आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों, हवन पूजन एवं वेद मंत्रों के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ।

विद्यालय के संगीताचार्य एवं मीडिया प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम चरण में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार द्वारा मां सरस्वती जी का पूजन, हवन विद्यालय का स्थापना दिवस समारोह एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती का कार्यक्रम संपन्न हुआ l

तत्पश्चात दूसरे चरण में सनातन धर्म की परंपरा में वर्णित 16 संस्कारों में से एक संस्कार के क्रम में तीन से पांच वर्ष के लगभग 330 नन्हें मुन्ने बच्चों का प्रवेश उत्सव एवं चार वर्ष चार माह चार दिन के नौनिहालों का विद्यारंभ संस्कार (पाटी पूजन) जिह्वा पर शहद से ओम लिखकर मंत्रोंच्चारण के साथ संपन्न कराया गया l विद्यारंभ संस्कार में आए हुए समस्त नौनिहालो को कॉपी, पेंसिल, चॉकलेट, हनुमान चालीसा, फल एवं मिष्ठान भेंट करके उनके द्वारा हवन भी करवाया गयाl

इस अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने अपने गीतों एवं नृत्यों से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अरुण कुमार मिश्रा (आईआरएस), अध्यक्ष डॉक्टर बीना मिश्रा पूर्व प्रवक्ता जीएन झा संस्कृत विद्यापीठ, विशिष्ट अतिथियों में विद्यालय के प्रबंधक एवं एडिशनल सॉलिसिटर जनरल भारत सरकार शिवकुमार पाल, विद्यालय के कोषाध्यक्ष एवं मंत्री भारतीय शिक्षा समिति पूर्वी उत्तर प्रदेश शरद गुप्त, सीता पाण्डेय एवं सहायक शासकीय अधिवक्ता उच्च न्यायालय श्याम नारायण राय ने समस्त नौनिहालों पर पुष्प वर्षा करके उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान किया l

अतिथियों का स्वागत, परिचय एवं धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने, संयोजन पूजा मिश्रा ने किया और संचालन सत्यप्रकाश पाण्डेय एवं दिनेश कुमार शुक्ला ने कियाl