UP

आईएमए विंटर स्पोर्ट्स वीक–2026 में दिखा खेल, उत्साह और सौहार्द का शानदार संगम

बरेली, 11 जनवरी । उत्तर प्रदेश के बरेली में आईएमए विंटर स्पोर्ट्स वीक–2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का जोश और खेल भावना दिखी। टेबल टेनिस, कैरम और बैडमिंटन के मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया।

टेबल टेनिस प्रतियोगिता के मेंस डबल्स फाइनल में डॉ. राजीव गोयल एवं डॉ. अंशु की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में डॉ. विपिन वर्शनेय एवं डॉ. पंकज कुमार की जोड़ी ने भी शानदार खेल दिखाया, लेकिन उन्हें उपविजेता संतोष करना पड़ा।

कैरम प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। डबल्स वर्ग में डॉ. अंशु एवं डॉ. इरफान ने सटीक शॉट्स के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया जबकि डॉ. देवेंद्र एवं डॉ. अमित खन्ना उपविजेता रहे। जूनियर सिंगल्स वर्ग में स्वस्तिक सिंह ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए विजेता का खिताब जीता और मयूर प्रधान दूसरे स्थान पर रहे।

बैडमिंटन मुकाबलों में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला। सिंगल्स सेमीफाइनल में डॉ. पारुल ने डॉ. दीपाली को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं मिक्स्ड डबल्स सेमीफाइनल में डॉ. रोहम और श्रीमती आशी की जोड़ी ने डॉ. सोनिका एवं डॉ. वीरेंद्र को हराकर जीत दर्ज की। आईएमए विंटर स्पोर्ट्स वीक–2026 ने खेलों के माध्यम से आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश दिया।