UP

बरेली प्रभारी मंत्री ने परखी विकास कार्यों की रफ्तार, रोजगार और सौंदर्यीकरण पर दिया जोर

बरेली, 12 जनवरी । जिले के प्रभारी मंत्री एवं सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी. एस. राठौर ने सोमवार को सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की रैंकिंग, जनसमस्याओं के निस्तारण, रोजगार सृजन और शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने बताया कि बरेली आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में दूसरे स्थान पर है, जबकि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में जिला पहले स्थान पर रहा है। इस पर प्रभारी मंत्री ने संतोष जताया, लेकिन जनसमस्याओं के समाधान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील दिवस व थाना दिवस को गंभीरता से आयोजित कराने और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

प्रभारी मंत्री ने नाथ कॉरिडोर के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और इन्हें शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। नवाबगंज क्षेत्र में रोजगार सृजन के लिए इम्प्लीमेंट जोन विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।

शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर नगर निगम के अधिकारियों के साथ मंथन हुआ। प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक व एमएलसी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, सीडीओ देवयानी व नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य समेत वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।