UP

बरेली में महाजन अस्पताल में युवती से छेड़छाड़, सुरक्षा गार्ड पर मुकदमा

बरेली, 17 फरवरी । उत्तर प्रदेश के शहर के महाजन अस्पताल में सोमवार देर रात शर्मनाक घटना सामने आई। ICU के बाहर सो रही एक युवती से कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई। आरोप अस्पताल के सुरक्षा गार्ड अमर पर है। पीड़िता की तहरीर पर बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पीलीभीत के गजरौला निवासी युवती अपने परिजनों के साथ अस्पताल में भर्ती मरीज की देखभाल के लिए आई थी। देर रात वह आईसीयू के सामने हाल में परिवार के साथ सो रही थी। रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच उसे अपने साथ अशोभनीय हरकत होने का एहसास हुआ। आंख खुलने पर उसने सुरक्षा गार्ड को पास बैठा पाया। शोर मचाने पर आरोपित मौके से भाग गया।

परिजनों के हंगामा करने पर कुछ देर बाद आरोपित माफी मांगने लगा, लेकिन तब तक मामला तूल पकड़ चुका था। पीड़िता ने अस्पताल प्रशासन को सूचना देने के बाद थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की। थाना बारादरी प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने आंतरिक जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई की बात कही है।