महाशिवरात्रि की राज्यपाल और मुख्यमंत्री दी शुभकामनाएं, देवभूमि में सजे शिवालय
देहरादून, 14 फरवरी । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाशिवरात्रि पर्व की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
महाशिवरात्रि पर्व की पूर्व संध्या पर राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि महाशिवरात्रि भारतीय संस्कृति का अत्यंत महत्वपूर्ण और पावन पर्व है, जो हमें सत्य, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भगवान शिव से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की तथा राज्य की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में कहा कि महाशिवरात्रि शिव एवं शक्ति की आराधना का पावन पर्व है, जो प्रेम, एकता और आध्यात्मिक जागरण की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव की असीम कृपा प्रदेशवासियों पर बनी रहने और राज्य की उन्नति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
महाशिवरात्रि को लेकर राजधानी देहरादून सहित हरिद्वार, ऋषिकेश और अन्य जिलों में प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। देहरादून स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए विशेष कतार व्यवस्था की गई है। हरिद्वार के दक्षेश्वर महादेव मंदिर और ऋषिकेश के नीलकंठ महादेव मंदिर में भी विशेष पूजन और रुद्राभिषेक का आयोजन होगा।
श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ है। मंदिर परिसर में 2100 दीपकों से सुसज्जित आकर्षक रंगोली ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दीपों की ज्योति से पूरा वातावरण आलोकित हो उठा और “बोल बम” व “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से परिसर शिवमय हो गया।
दिगंबर दिनेश पुरी ने बताया कि शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर जब 2100 दीपों की रंगोली प्रज्वलित हुई तो भगवान भोलेनाथ के दिव्य दर्शन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। सायं श्रृंगार आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को मिष्ठान प्रसाद का वितरण किया गया।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। 15 फरवरी को कैंट चौक से टपकेश्वर महादेव मंदिर की ओर वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात व्यवस्था इस प्रकार रहेगी
-बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ से मंदिर जाने वाले वाहनों को नींबूवाला तिराहे से बाएं ओएनजीसी हेलीपेड पार्किंग स्थल भेजा जाएगा।
-सर्किट हाउस, सीएसडी तिराहे से आने वाले वाहनों को पोस्ट ऑफिस तिराहे से नींबूवाला तिराहे होते हुए ओएनजीसी हेलीपेड पार्किंग भेजा जाएगा। पार्किंग फुल होने पर हरवंश कपूर ऑडिटोरियम पार्किंग में भेजा जाएगा।
-वीरपुर की ओर से आने वाले वाहनों को कैंट चौक से डायवर्ट कर ओएनजीसी हेलीपेड पार्किंग भेजा जाएगा।
-गढ़ी कैंट चौक पर दबाव बढ़ने की स्थिति में पोस्ट ऑफिस तिराहे से ट्रैफिक को बिंदाल की ओर तथा कौलागढ़ चौक से कैंट जाने वाले ट्रैफिक को आंशिक रूप से किशन नगर चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
-मेले में आने वाली बसों की पार्किंग महिंद्रा ग्राउंड में की जाएगी।
बैरियर/डायवर्जन प्वाइंट-
-कैंट चौक, पोस्ट ऑफिस तिराहा, कौलागढ़ चौक, नींबूवाला कट (एफआरआई गेट के पास), वाटिका तिराहा।

