MP

जबलपुरः रानी दुर्गावती विश्वविद्याल प्रशासन के खिलाफ एबीवीपी का प्रदर्शन, उच्च शिक्षा मंत्री का किया घेराव

जबलपुर, 21 फ़रवरी । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जबलपुर महानगर द्वारा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर शनिवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार का घेराव किया गया।

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में लंबे समय से व्याप्त शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनियमितताओं तथा बार-बार ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद कुलगुरु द्वारा समस्याओं का निराकरण न किए जाने से आक्रोशित विद्यार्थियों ने मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार का घेराव कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

उच्च शिक्षा मंत्री आज होम साइंस कॉलेज के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने जबलपुर पहुंचे थे। इसी दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में कॉलेज के बाहर धरना दे दिया, प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय में चल रही अव्यवस्थाओं की ओर सभी का ध्यान आकृष्ट किया। विद्यार्थियों की आवाज़ से पूरा परिसर गूँज उठा और नारों की आवाज़ सुनकर मंत्री जी को सभी जनप्रतिनिधियों के साथ महाविद्यालय के बाहर आना पड़ा। परिषद के पदाधिकारियों ने एक-एक कर छात्रों की समस्याएं विस्तार से रखीं और शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान परिषद ने विश्वविद्यालय में बिना संसाधनों एवं शिक्षकों के चल रहे पाठ्यक्रम,युवा उत्सव का बकाया शुल्क, डिग्री प्रिंटिंग, जर्जर भवन, परीक्षा परिणामों में हो रही देरी, मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठ रहे प्रश्न, तथा बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

कार्यकर्ताओं का कहना था कि इन समस्याओं को लेकर पूर्व में कई बार कुलगुरु को ज्ञापन सौंपा गया, किंतु प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे छात्रों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है और यह भी स्पष्ट होरहा है कि कुलपति-कुलसचिव एवं विश्वविद्यालय के सभी सत्ताधीश अधिकारी विफल हैं एवं समाधान करने में असमर्थ हैं इसलिए हमे ऐसे सत्ताधीश अधिकारी नहीं चाहिए ।

विद्यार्थी परिषद के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य माखन शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। परिषद ने यह भी मांग की कि विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं सत्ताधीशों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्रों के हितों की रक्षा हो सके।

महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने कहा कि वह छात्रहितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संघर्षरत रहेगे और जब तक विश्वविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण को सुधारकर पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था स्थापित नहीं की जाती, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा। प्रांत विश्वविद्यालय संयोजक ऐश्वर्या सोनकर ने कहा कि विगत दिवस 19 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौपा जिसका निराकरण अभी तक नहीं हुआ अगर इन मांगों का निराकरण जल्द से जल्द नहीं होगा तो परिषद उग्र आंदोलन करेगी । विश्वविद्यालय मंत्री आयुष बारी ने कहा कि विद्यार्थी बहुत ही लंबे समय से प्रवेश, परीक्षा और परिणामों को लेकर परेशान हो रहे हैं जिसका निराकरण जल्द से जल्द होना चाइए।