Himachal Pradesh

शिवरात्रि की सुबह सड़क हादसा, खाई में गिरी जीप, तीन युवकों की मौत

शिमला, 15 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में रविवार तड़के हुए एक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। शिवरात्रि पर्व की सुबह हुए इस हादसे में 19 वर्षीय ऋतिक ठाकुर, 17 वर्षीय सुनील और 18 वर्षीय ईशान की मौत हो गई, जबकि 18 वर्षीय कुशाल गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह करीब चार बजे लम्बाथाच-कलहनी सड़क पर लम्बाथाच से लगभग छह किलोमीटर आगे हुआ। जीप (HP 65 5148) में चार युवक सवार थे। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सभी युवक सराज के केलोधार और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।