UP

डंपर की टक्कर से महिला की मौत, चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

औरैया, 13 फरवरी । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में थाना अयाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7:30 बजे करमपुर मुड़ी रोड पर उस समय हुई, जब महिला अपने पति के साथ घर से औरैया जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, मृतका रिंकी देवी पत्नी सुरेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम प्रयागपुर थाना अयाना, सड़क किनारे फुटपाथ से पैदल जा रही थीं। तभी करमपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर संख्या यूपी 93 सीटी 6586 ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बिना हॉर्न बजाए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिंकी देवी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के समय मृतका के पति सुरेन्द्र सिंह, उनके भाई अशोक तथा चचेरे भाई महेन्द्र सिंह भी पीछे आ रहे थे। परिजनों ने घटना को अपनी आंखों से देखने की बात कही है। उनका आरोप है कि डंपर चालक की तेज व लापरवाह ड्राइविंग के कारण यह हादसा हुआ।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने डंपर चालक वीरेंद्र राजपाल पुत्र कल्याण दास, निवासी सिआउनी खास थाना चंदेरा जनपद टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अयाना थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है। दोषी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।