औद्योगिक ईकाईयों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता से रोजगार उपलब्ध कराए सरकार
चित्तौड़गढ़, 16 फरवरी । चित्तौड़गढ़ विधायक चन्द्रभानसिंह आक्या ने सोमवार को विधानसभा में राज्य सरकार की ओर से प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट के समर्थन में बोलते हुए इसे जनकल्याणकारी, विकासोन्मुखी और दूरदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और उद्योग सहित सभी वर्गों के उज्ज्वल भविष्य की रूपरेखा है।
विधायक आक्या ने बजट में चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र को मिली विभिन्न सौगातों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना के विस्तार, निवेश प्रोत्साहन और युवाओं के लिए रोजगार सृजन जैसे क्षेत्रों में चित्तौड़गढ़ को प्राथमिकता दी गई है। आने वाले समय में चित्तौड़गढ़ औद्योगिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल में भी चित्तौड़गढ़ को कई ऐतिहासिक सौगातें मिली थीं और वर्तमान सरकार ने उसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाते हुए गति प्रदान की है। यह बजट पूर्व उपलब्धियों को आधार बनाकर भविष्य की संभावनाओं को साकार करने का प्रयास है।
विधायक आक्या ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और ‘विकसित राजस्थान’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में यह मजबूत कदम है। बजट वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सपनों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने चित्तौड़गढ़ की प्रमुख चुनौतियों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का बड़ा हिस्सा जल संकट से जूझ रहा है। कई गांवों में पेयजल की नियमित उपलब्धता नहीं है तथा सिंचाई सुविधाओं के अभाव में कृषि उत्पादन प्रभावित होता है। उन्होंने नई पेयजल योजनाओं, बांधों और लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं को प्राथमिकता देने की मांग की।
ग्रामीण सड़कों के चौड़ीकरण और नवीनीकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर पर्याप्त रोजगार नहीं मिलने से पलायन करना पड़ता है। चित्तौड़गढ़ में खनिज, पर्यटन और औद्योगिक संभावनाएं अपार हैं। इसके लिए नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना, एमएसएमई को प्रोत्साहन और स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोलने की जरूरत है। उन्होंने स्थानीय उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने हेतु कानून बनाने की मांग भी की।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक उपकरणों की कमी है। गंभीर मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने जिला अस्पताल के उन्नयन और उपजिला चिकित्सालयों में विशेषज्ञ सेवाएं शुरू करने की मांग की तथा भदेसर को उपजिला चिकित्सालय बनाने का सुझाव दिया। पर्यटन के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि वीरता और त्याग की भूमि चित्तौड़गढ़ का ऐतिहासिक महत्व विश्व प्रसिद्ध है, लेकिन पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता है। बेहतर सड़क, आधारभूत सुविधाएं, प्रचार-प्रसार और पर्यटन सर्किट के विकास से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
विधायक आक्या ने गौशालाओं में गायों के लिए नौ माह के पैकेज को 12 माह तक बढ़ाने तथा अनुदान राशि में वृद्धि करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने छोटी गाय पर 25 रुपये के स्थान पर 50 रुपये तथा बड़ी गाय पर 50 रुपये के स्थान पर 100 रुपये प्रतिदिन अनुदान देने की मांग की। साथ ही उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को राज्य सरकार की तर्ज पर केंद्र सरकार की नौकरियों में भी समान लाभ दिलाने के लिए ईडब्ल्यूएस प्रावधानों के सरलीकरण हेतु विधानसभा में प्रस्ताव लाने और पक्ष-विपक्ष से समर्थन देने की अपील की।

