Haryana

चंडीगढ़: पंडित दीनदयाल उपाध्याय मानते थे सत्ता सुख का साधन नहीं सेवा का माध्यम है : नायब सैनी

गुरुग्राम, 11 फ़रवरी । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राजनीति सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा का मार्ग है। विचार, संस्कार और समर्पण ही हमारी पहचान हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताए अंत्योदय के मार्ग पर चलते हुए भाजपा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि पर आयोजित ‘‘समर्पण दिवस’’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं भी गिनवाई। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंडित दीन दयाल जी एक ऐसे राजनेता थे, जिन्हे सत्ता का कोई आकर्षण नहीं था, उनका जीवन गरीब व्यक्ति को कैसे सशक्त और मज़बूत किया जाए इसके लिए वे दिन रात काम में लगे रहते थे। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल जी ईमानदारी के प्रतिमूर्ति थे, दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर राष्ट्र सेवा में निरंतर लगे रहते थे और राष्ट्र सेवा को ही अपना धर्म मानते थे। सैनी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की अद्भूत प्रतिभा को देखकर डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि अगर मुझे दो और दीनदयाल मिल जाए तो मैं भारत की राजनीति का नक्शा बदल दूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ‘‘थ्री इन वन’’ थे, वो एक समर्पित राजनेता, एक महान चिंतक और कुशल संगठनकर्ता थे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पीएम मोदी अंत्योदय के सिद्धांत के अनुरूप सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे है। प्रधानमंत्री ने बिना किसी भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक तमाम योजनाओ का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया है। कोरोना काल में देश का एक भी व्यक्ति भूखे पेट ना सोए ऐसी व्यवस्था प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना काल में की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों के अनुरूप हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख 60 हज़ार लोगो को मकान बनाकर चाबियां सौंपने का काम किया है। जिन लोगों के पास जमीन नहीं थी उन्हें मकान बनाकर देने का काम भाजपा सरकार ने किया है। हमारी सरकार ने लगभग 27 हज़ार परिवारों को 100 गज़ के प्लॉट दिए हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के भाजपा मुख्यालय पंचकमल पहुंचने पर जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्षा बंतो कटारिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, पूर्ण महापौर कुलभूषण गोयल, समर्पण दिवस के जिला संयोजक अमरिंदर सिंह, सहसंयोजक बिन्दर गुर्जर, जिला महामंत्री जय कौशिक सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।