Himachal Pradesh

सोलन के नए पुलिस अधीक्षक एस. डी. वर्मा ने संभाला पदभार

सोलन, 11 फ़रवरी । सोलन में 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी पुलिस अधीक्षक सांई दत्तात्रेय वर्मा ने बुधवार को बतौर पुलिस अधीक्षक सोलन का कार्यभार संभाल लिया है ।

सोलन पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सांई दत्तात्रेय वर्मा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता नशे का कारोबार करने वालों पर कड़ी कारवाई करना रहेगी । उन्होंने कहा कि नशे की गर्त में फंस रहे युवाओं को जानलेवा नशे के चंगुल से बचाना अति आवश्यक है ।

इसके अलावा उन्होंने महिला सुरक्षा को भी अपनी मुख्य प्राथमिकता बताया है ।

पुलिस अधीक्षक एस. डी. वर्मा ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी व इसके सेवन पर लगाम लगाने के लिए पूर्व पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह द्वारा सराहनीय कार्य किया गया था । इसी अभियान को जारी रखते हुए नशे के कारोबारियों के बैक लिंक का पता लगाना और उनकी सम्पत्तियों को सरकार के खाते में निहित करना जारी रखा जाएगा ।

सोलन शहर में यातायात व्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि शहर में वाहनों की बढ़ती तादात के कारण यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेंगे व यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी । इसके अलावा उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था पुलिस का मुख्य दायित्व है जनता व पुलिस में सहजता से सामंजस्य स्थापित किया जायेगा ताकि किसी तरह की परेशानी जनता को ना हो सके। कानून व्यवस्था और पुलिस की गश्त को बढ़ाया जाएगा, जिससे असमाजिक तत्वों व चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों पर लगाम लग सके तथा शहर की जनता का पुलिस पर भरोसा बढ़ने के साथ वह सुकून महसूस करें ।