Delhi

दिल्ली भाजपा ने केरल से आए 115 नवनिर्वाचित पार्षदों का किया स्वागत

नई दिल्ली, 11 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तिरुवनंतपुरम के नवनिर्वाचित महापौर वी.वी. राजेश एवं उप महापौर जी. एस. आशा नाथ तथा केरल से आए 115 नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत किया।

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह जीत केरल की जनता द्वारा विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर जताए गए विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि वर्षों से वामपंथ और कांग्रेस की नीतियों से त्रस्त केरल की जनता ने इस नगर निगम चुनाव में बदलाव के पक्ष में मतदान किया है।केरल की जनता ने यह संदेश दिया है कि अब तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और खोखले वादों की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केरल में पहली बार भाजपा का महापौर बना है।

सचदेवा ने कहा कि केरल निगम चुनाव परिणाम यह भी दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विचारधारा और विकास मॉडल अब दक्षिण भारत में भी मजबूती से अपनी जगह बना चुका है। स्थानीय निकायों में भाजपा को मिला जनसमर्थन आने वाले समय में केरल की राजनीति की दिशा तय करेगा। उन्होंने केरल भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि पार्टी जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेगी और स्थानीय स्तर पर पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास को प्राथमिकता देगी

दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आज केरल से आए सभी नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत किया। केरल में यह जीत विकास पर विश्वास दिखाने की जीत है। अब यह सभी निगम पार्षद राष्ट्रीय नेतृत्व से मिलेंगे तो बहुत खुश हों।

इस अवसर पर तिरुवनंतपुरम के नव-निर्वाचित महापौर वी.वी. राजेश ने स्वागत के लिए प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केरल के निगम पार्षदों का यह दिल्ली दौरा बहुत कुछ सीखने का अवसर देगा और यहां हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व से मिलने वाले अनुभव हमें केरल के विकास में अहम योगदान देगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार को इस मौके के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि केरल में जीत साम्यवाद के खिलाफ 45 वर्षों की समर्पित लड़ाई का परिणाम है। केरल में स्थानीय निकाय चुनाव की जीत आगामी विधानसभा चुनावों में दिखाई देगी।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, भाजपा नेता राजीव बब्बर, मनीष चड्ढा व अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि यह सभी पार्षद ‘दिल्ली प्रवास’ नामक एक विशेष प्रशासनिक और शासन कौशल विकास शिविर में भाग लेने के लिए आए हैं। तिरुवनंतपुरम और केरल के विकास के लिए प्रतिनिधिमंडल 12 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात करेंगे।