Delhi

मुख्यमंत्री ने की 2,100 करोड़ से अधिक की जल परियोजनाओं की शुरुआत

नई दिल्ली, 18 फ़रवरी ।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को पश्चिमी दिल्ली स्थित टोडापुर के रामलीला मैदान में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की 2100 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

इस अवसर पर नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, राजेंद्र नगर के विधायक उमंग बजाज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने यहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राजधानी में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और आधुनिक सीवरेज प्रणाली विकसित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आज जिन परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है, वे न केवल जल आपूर्ति क्षमता को बढ़ाएंगी, बल्कि दिल्ली को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन इलाकों में कई सालों से पानी और सीवर की समस्या थी, वहां अब स्थायी समाधान किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को बेहतर पानी की सप्लाई मिलेगी, आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट की सुविधा बढ़ेगी और यमुना को साफ करने में मदद मिलेगी। परियोजनाएं पूरी होने के बाद सीवेज साफ करने की क्षमता बढ़ेगी और बिना साफ किया हुआ गंदा पानी यमुना में जाने से रुकेगा। साथ ही, पानी की सप्लाई व्यवस्था मजबूत होगी, जिससे लोगों को नियमित और पर्याप्त पेयजल मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने के लिए पानी और सीवर की मजबूत व्यवस्था बहुत जरूरी है। सरकार मिशन मोड में काम कर रही है ताकि हर घर तक साफ पानी पहुंचे और हर इलाके में आधुनिक सीवर नेटवर्क हो।

इस अवसर पर दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिल्ली अब विकास के नए दौर में कदम रख रही है। यह सिर्फ योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के अनुरूप ‘विकसित दिल्ली’ की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में जो विकास कार्य हो रहे हैं, उनका असर अब राजधानी में भी साफ दिख रहा है। सरकार पानी की सप्लाई और सीवर जैसी जरूरी सेवाओं को आधुनिक, मजबूत, ज्यादा प्रभावी और पूरी तरह लोगों की जरूरतों के अनुसार बनाने के लिए काम कर रही है।