Himachal Pradesh

नीलम को न्याय दिलाने को लेकर मंडी पहुंची सैंकड़ों महिलाएं, किया धरना प्रदर्शन

मंडी, 25 फ़रवरी । मंडी जिला के तुंगल क्षेत्र की बेटी नीलम को न्याय दिलाने के लिए कोटली और आसपास के गांवों से सैंकड़ों महिलाएं मंडी शहर में पहुंची। इन महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार और प्रशासन के विरोध में आवाज बुलंद करते हुए जमकर नारेबाजी की। मंडी बस स्टैंड पड्डल से लेकर जिला लाईब्रेरी तक रैली निकाल , जहां पर धरना प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई।

समाजसेवी अनुपमा सिंह ने इस अवसर पर कहा कि तुंगल क्षेत्र की बेटी नीलम के साथ दर्दनाक पैट्रोल कांड हुआ है। जिसने हमें झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीलम ने स्वयं पर पैट्रोल नहीं छिड़का है, बल्कि उसकी हत्या के इरादे से उसके ससुरालियों द्वारा यह कदम उठाया गया। उसे मारने की कोशिश की गई और कमरे में बंद करके बंधक बनाए रखा। उन्होंने कहा कि मुझे बताया गया कि नीलम की टांगे तोड़ दी गई थी। अनुपमा ने कहा कि यह एक परिवार की पीड़ा नहीं है, बल्कि पूरे समाज के सम्मान और सुरक्षा का प्रश्न है।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम सब मिलकर अन्याय के विरूद्ध अपनी आवाज बुलंद करें। वहीं दूसरी ओर समाज सेवी राजेश कपूर ने भी तुंगल क्षेत्र की महिलाओं को मंडी में लाकर स्मार्टमीटर के विरोध में रैली का आयोजन किया। दोनों ही रैलियां एक साथ बाजार में होने की वजह से टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मुद्दे से भटकाने का आरोप लगाया। स्थिति उस समय और भी तनावपूर्ण और हास्यास्पद हो गई जब अनुपमा सिंह और उनके साथियों की रैली जिला पुस्तकायल के बाहर हो रही थी। राजेश कपूर के सर्मथक चौहटा बाजार की ओर रैली निकालकर जा रहे थे, उस दौरान आधे से ज्यादा महिलाएं वहां से हटकर लाईब्रेरी के बाहर जमा भीड़ में शामिल होकर नीलम को न्याय दिलाने के लिए नारेबाजी करने लगी।

इसके बाद राजेश कपूर समर्थकों की रैली वापस उस ओर आई और उपायुक्त कार्यालय की ओर जाने लगी, इसी बीच दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच कहासुनी हो गई। उनका आरोप था कि स्मार्टमीटर रैली के बहाने असली मुद्दे से भटकाने का प्रयास किया गया। जबकि राजेश कपूर ने कहा कि उनकी रैली स्मार्ट मीटर को लेकर पहले से ही तय थी। लेकिन दूसरे पक्ष ने जानबूझकर रैली का आयोजन किया। इस गंभीर मुद्दे पर की गई राजनीति को लेकर लेकर मंडी शहर में चर्चा का बाजार गर्म है।