Rajasthan

बार और बेंच में बेहतर सहयोग एवं समन्वय आवश्यक : मागो

धौलपुर, 15 फ़रवरी । धौलपुर अभिभाषक संघ के तत्वावधान में आयोजित स्पोर्ट वीक का समापन रविवार को हो गया। अंतिम दिन क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बेंच की टीम ने बार की टीम को हराकर ट्राफी पर कब्जा जमाया।

आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव मागो ने कहा कि धौलपुर में बार और बेंच के बीच में बेहतर सहयोग एवं समन्वय है। धौलपुर बार द्वारा आयोजित स्पोर्ट वीक में बार और बेंच की सक्रिय भागीदारी इसका उदाहरण है। धौलपुर बार धन्यवाद की पात्र है,जिन्होंने बार – बेंच के लिए इतना महत्वपूर्ण आयोजन रखा।

धौलपुर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में अभिभाषक संघ की पूरी कार्यकारिणी के साथ वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने पूर्ण सहयोग दिया है। उसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। हमारा प्रयास है कि हम अधिवक्ताओं के हितार्थ कार्य करें। जिसमें वरिष्ठ अधिवक्ता हमें अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करते रहे। शर्मा ने बताया कि स्पोर्ट वीक में क्रिकेट मुकाबले में बेंच की टीम विजयी रही। वहीं,दौड़ प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में 100 मीटर में नंद किशोर कुशवाहा विजेता व पीयूष तिवारी उप विजेता रहे। जबकि 200 मीटर में नंद किशोर कुशवाहा विजेता व पीयूष तिवारी उप विजेता रहे। बैडमिंटन एकल वर्ग में अनुपम बघेल विजेता व मोहित शर्मा उप विजेता रहे। बैडमिंटन डबल्स में अनुपम बघेल – अनिल शर्मा विजेता व मोहित शर्मा – हरिओम उप विजेता रहे। धौलपुर अभिभाषक संघ के महासचिव अरविंद सिंह गुर्जर ने सभी न्यायिक अधिकारी कर्मचारी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार गोयल एवं कोर्ट मेनेजर बृजेश शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।