आर्थिक संकट से उभरेगा हिमाचल : विक्रमादित्य सिंह
शिमला, 11 फ़रवरी । लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश वर्तमान में आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा है, लेकिन राज्य इस संकट से उभरकर फिर से मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी प्रदेश ने कठिन आर्थिक परिस्थितियों का सामना किया है और हर बार मजबूती के साथ आगे बढ़ा है।
बुधवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बठमाना के अंतर्गत जाबरी में महिला मंडल भवन के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि फिजूलखर्ची पर रोक लगाना समय की जरूरत है और सरकार आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं और प्रदेश सरकार “हिम ईरा” ब्रांड के माध्यम से महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को देशभर में बाजार उपलब्ध करवा रही है, जिससे महिलाओं को घर बैठे रोजगार मिल रहा है। लगभग साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से बने महिला मंडल भवन का सही उपयोग कर महिलाएं अपनी आजीविका को और मजबूत कर सकती हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि धामी कॉलेज के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है और धामी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को आदर्श अस्पताल बनाने की दिशा में तेजी से कार्य चल रहा है। सुन्नी क्षेत्र के अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाकर 100 कर दी गई है तथा स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मंत्री ने बताया कि लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से नई पेयजल योजना तैयार की जा रही है, जिससे क्षेत्र के छूटे हुए घरों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा सिंचाई योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने जायसी मंदिर के पास खेल मैदान बनाने तथा जिम के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में लगभग 375 से 400 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं, जबकि बठमाना पंचायत के विकास कार्यों के लिए अब तक 20 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। मंगला माता से भीगड़ी सड़क के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बजट जारी किया जाएगा।
मंत्री ने युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की कि यदि आसपास कोई व्यक्ति नशे के कारोबार में शामिल हो तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, क्योंकि सुरक्षित युवा पीढ़ी ही विकास की असली ताकत है।

