अनूपपुर: महाशिवरात्रि पर अमरकंटक में पांच दिवसीय मेले के सभी व्यवस्थाएं हो चाक-चौबंद करें- कलेक्टर
अनूपपुर, 06 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की विश्व प्रसिद्ध मां नर्मदा की उद्गम नगरी अमरकंटक में महाशिवरात्रि के अवसर पांच दिवसीय मेले का शुक्रवार को कलेक्टर हर्षल पंचोली ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेले के ले-आउट, पार्किंग व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, कचरा वाहन, साफ-सफाई एवं कचरा निस्तारण, विद्युत कनेक्शन, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में लगने वाली सभी दुकानों के विद्युत कनेक्शनों की जांच की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। साथ ही उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों को सभी दुकानों का क्रमांक निर्धारण कर व्यवस्थित रूप से जांच एवं निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों के आवेदन एवं आवंटन प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की। मेले में लगाए जाने वाले झूलों के संबंध में संबंधित इंजीनियर से फिटनेस जांच कर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। इसके अतिरिक्त अमरकंटक के सभी तालाबों, कपिलधारा, सोनमुड़ा, नर्मदा कुंड सहित अन्य प्रमुख स्थलों की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि मेले तथा अमरकंटक क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार पांच अलग-अलग डॉक्टरों की टीम एवं पांच एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने आयुष्मान कार्ड एवं आधार पंजीयन के लिए शिविर लगाने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। मेले में विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी लगाने तथा बीजापुरी आर्ट अमरकंटक की कोदो सहित अन्य स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रोत्साहित एवं प्रेरित करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पुलिस अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर यातायात को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए। अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी मेले की व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अल्का तिवारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरकंटक चैन सिंह परस्ते सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।

