गुरुग्राम: देश में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए तीन संस्थानों के बीच हुआ करार
गुरुग्राम, 11 फरवरी । स्टार्टअप स्टेयर्स, एवीपीएल व विक्ट्री इंटरनेशनल के बीच पूरे देश में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बुधवार को करार हुआ। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ स्किल डेवेलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए यह सांझेदारी की गई है। इस साझेदारी में स्टार्टअप स्टेयर्स अपनी इनक्यूबेशन और इकोसिस्टम निर्माण की विशेषज्ञता, एवीपीएल अपनी स्किलिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमताएं तथा विक्ट्री इंटरनेशनल अपनी ईवी तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग विशेषज्ञता प्रदान करेगी।
इस पहल के अंतर्गत देशभर के लगभग 70 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और संबंधित संस्थानों में ईवी-केंद्रित प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का मूल्यांकन किया जाएगा। इन केंद्रों पर युवाओं और तकनीशियनों को ईवी सर्विस, मेंटेनेंस और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से संबंधित उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण दिया जाएगा। एआईटीएमसी वेंचर्स लिमिटेड (एवीपीएल) के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. प्रीत संधू ने कहा कि हिसार में घरेलू निर्माण और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए ईवी के एसी, डीसी चार्जर, बैटरियां और संबंधित उपकरणों का निर्माण हरियाणा केहिसार स्थित एवीपीएल फ्यूचर टेक पार्क में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्किल डेवलपमेंट सीधे रोजगार और उद्यमिता से जुड़ा होना चाहिए। विक्ट्री इलेक्ट्रिक व्हीकल्स इंटरनेशनल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संजय पोपली ने कहा कि स्किल डेवलपमेंट का उद्देश्य ठोस आर्थिक परिणाम देना होना चाहिए। इस सहयोग के माध्यम से हम एक जॉब-रेडी ईवी कार्यबल तैयार करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जिसे सर्विस, मेंटेनेंस और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में प्रशिक्षित किया जाएगा। आईटीआई आधारित प्रशिक्षण को वास्तविक व्यावसायिक अवसरों से जोडक़र हम भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को तेजी से आगे बढ़ाने और बड़े पैमाने पर स्थायी आजीविका के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखते हैं।

