Haryana

गुरुग्राम: बलात्कार करने की झूठी सूचना देने वाली महिला के खिलाफ की कार्रवाई

गुरुग्राम, 08 फरवरी । यहां पुलिस को बलात्कार की झूठी सूचना देने वाली महिला के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपी महिला राजस्थान की रहने वाली है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि फिलहाल महिला बादशाहपुर की इंदिरा कालोनी में किराये के मकान में रहती है।

पुलिस के अनुसार 17 जनवरी 2026 को महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी कि उसके साथ बलात्कार किया गया है। पुलिस इस सूचना पर सक्रिय हुई और तुरंत ही शिकायतकर्ता महिला से संपर्क किया। महिला ने पुलिस को कहा कि पुलिस थाना में आकर अपनी शिकायत देगी। वैष्णव नामक महिला ने पुलिस थाना में बयान दर्ज कराए कि वह बादशाहपुर की इंदिरा कालोनी में किराये के मकान में रहती है। मकान मालिक के एक रिश्तेदार द्वारा मकान का किराया मांगा तो उसके साथ महिला की कहासुनी हो गई। महिला ने इस कहासुनी में पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-1091 पर खुद के साथ बलात्कार होने की सूचना दी। यह सूचना पूरी तरह से गलत थी। पुलिस जांच में ऐसा कुछ नहीं पाया गया। महिला द्वारा झूठी बलात्कार की शिकायत देकर पुलिस का समय बर्बाद करने व सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग करने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है।