धोखाधड़ी के आरोपी अनिल माहेश्वरी पर ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी
जयपुर, 13 फरवरी । जम्मू-कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में वांछित आरोपी अनिल कुमार माहेश्वरी के खिलाफ ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किया है। आरोपी लंबे समय से फरार है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है।
क्राइम ब्रांच कश्मीर के अनुसार अनिल कुमार माहेश्वरी मूल रूप से जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र का निवासी है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश से संबंधित गंभीर आरोप दर्ज हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम दिया और कई लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में अश्योर्ड एग्रो फूड इंडस्ट्रीज, उत्तराखंड में रीजनल सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत रहा है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए लेन-देन में अनियमितताएं कीं और निवेश या व्यापार के नाम पर लोगों को आर्थिक चपत लगाई।
जारी विवरण के अनुसार आरोपी की लंबाई लगभग 5 फीट 5 इंच है, रंग गेहुआं है और बाल काले हैं। वर्तमान में वह जयपुर स्थित अपने सत्या नगर आवास से भी अनुपस्थित बताया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आरोपी के संबंध में कोई भी सूचना प्राप्त हो तो तत्काल नजदीकी थाने या संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

