UP

जर्मनी की ग्लोबल गैप स्टैंडर्ड ऑर्गनाइजेशन से उप्र सरकार के अधिकारी सीखेंगे निर्यात के गुर

झांसी, 11 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी बढ़ाने के मकसद से कई तरह के प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में कृषि, उद्यान और कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग के अफसरों को पांच दिनों का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में प्रदेश भर के अफसरों समेत झांसी मंडल के अफसरों को भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। अफसरों का कौशल विकास कर किसानों को एक्सपोर्ट की तकनीक सिखाने और प्रक्रियाओं को समझाने में सफलता हासिल हो सकेगी।

कृषि आधारित उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मार्केटिंग की स्ट्रेटजी तैयार करने वाला जर्मनी का प्रतिष्ठित ग्लोबल गैप स्टैंडर्ड ऑर्गनाइजेशन उत्तर प्रदेश सरकार के अफसरों को प्रशिक्षण प्रदान करेगा। कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग के झांसी मंडल के तीन अफसरों को इस प्रशिक्षण के लिए चयनित किया गया है। झांसी के सहायक कृषि विपणन अधिकारी गंगा दयाल, झांसी के ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक प्रखर कुमार और जालौन के ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षण धीरपाल सिंह इस प्रशिक्षण में शामिल होंगे। प्रदेश के कुल 40 अफसरों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला बैच 23 से 27 फरवरी और दूसरा बैच 9 से 13 मार्च तक चलेगा।

झांसी के ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक प्रखर कुमार ने बताया कि कृषि के क्षेत्र में दुनिया भर में अपनाए जा रहे नवाचारों और बेहतरीन प्रयोगों के बारे में प्रशिक्षण के दौरान बारीक जानकारी प्रदान की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय मानकों की समझ विकसित कर किसानों को अवगत कराने में सफलता मिलेगी, जिससे उनके उत्पादों को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित कर उनकी आमदनी को बढ़ाया जा सकेगा।