केंद्रीय बजट 2026 विकसित भारत की मजबूत नींव : बिक्रम ठाकुर
धर्मशाला, 11 फ़रवरी । केंद्रीय बजट 2026 देश को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर ले जाने वाला दूरदर्शी और संतुलित बजट है। यह बात बुधवार को पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने नूरपुर में प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि यह बजट तात्कालिक लोकलुभावन घोषणाओं के बजाय दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती, निवेश, रोजगार सृजन और आधारभूत ढांचे के विस्तार पर केंद्रित है। यह बजट स्पष्ट करता है कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता केवल विकास नहीं, बल्कि समान अवसरों के साथ समावेशी विकास है।
इस बजट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि देश की आर्थिक नीति को सब्सिडी आधारित मॉडल से निवेश आधारित मॉडल की ओर मजबूती से आगे बढ़ाया गया है। इससे देश की उत्पादक क्षमता बढ़ेगी और भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में और मजबूत भूमिका निभाएगा।
बिक्रम ठाकुर ने कहा कि रेलवे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बजट ने देश के हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प दोहराया है। रेलवे नेटवर्क का आधुनिकीकरण, सुरक्षा, विद्युतीकरण और स्टेशन विकास से यात्री सुविधाओं में सुधार होगा और माल परिवहन को गति मिलेगी।
पर्यटन को बजट में रोजगार सृजन का प्रमुख माध्यम माना गया है। पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर, सुविधाओं और अनुभव आधारित विकास पर जोर देकर सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि पर्यटन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आजीविका का सशक्त माध्यम है। इससे होटल, होम-स्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पाद और हस्तशिल्प से जुड़े लाखों परिवारों को लाभ मिलेगा।
ठाकुर ने कहा कि बजट में माउंटेन ट्रेल, ट्रैकिंग और एडवेंचर टूरिज्म जैसे नए आयामों को प्रोत्साहन देकर पर्यावरण-अनुकूल विकास का संदेश दिया गया है। इससे भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थलों पर दबाव कम होगा और नए क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यह पहल युवाओं को स्थानीय स्तर पर गाइड, सेवाओं और स्वरोजगार से जोड़ने में सहायक होगी।
बिक्रम ठाकुर ने कहा कि उद्योग और निवेश के क्षेत्र में बजट ने भारत को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में मजबूत कदम उठाए हैं।

