Himachal Pradesh

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय बना अखिल भारतीय इंटर जोनल महिला कबड्डी चैंपियनशिप का विजेता

धर्मशाला, 12 फ़रवरी । भारतीय विश्वविद्यालय संघ एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय इंटर जोनल महिला कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का खिताब कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय हरियाणा ने अपने नाम किया है। प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल में वीरवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर को 39-36 अंकों के अंतर से हराया।

समापन समारोह में धर्मशाला स्थित इंडोर स्टेडियम में केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल बतौर मुख्यातिथि रहे। उनके साथ कबड्डी विश्व विजेता टीम की उपकप्तान पुष्पा राणा एवं डीन अकादमी प्रो. प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान “धौलाधार संदेश” न्यूज लेटर का विमोचन एवं टूर्नामेंट की डॉक्यूमेंट्री का लोकार्पण भी किया गया।

चार दिवसीय प्रतियोगिता (9–12 फरवरी) में देशभर की 15 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, हरियाणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय, पंजाब को 39–36 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

विजेता कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय टीम को गोल्ड मेडल एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय टीम को सिल्वर मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। सेमीफाइनल में हारने वाली गुरु काशी विश्वविद्यालय एवं एल.एन. मिथिला (दरभंगा) की टीमों को कांस्य पदक एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि प्रो. सत प्रकाश बंसल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल धैर्य, अनुशासन और टीम भावना विकसित करता है तथा जीवन में हार-जीत से अधिक प्रयास का महत्व है। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता जापान में प्रस्तावित एशियन गेम्स 2026 के लिए खिलाड़ियों के चयन का महत्वपूर्ण मंच भी सिद्ध होगी।

उन्होंने कहा देश के विभिन्न हिस्सों से आई ये बेटियां ने सिद्ध कर दिया कि खेल सिर्फ प्रतियोगिता नहीं है, भाषा का समावेश भी है। प्रतियोगिता धैर्य, टीम भावना विकसित करती है। आज की विजेता टीम कुरुक्षेत्र की बेटियों को बधाई देता हूं। विश्वविजेता टीम का हिस्सा रही पुष्पा राणा ने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और कड़ी मेहनत का संदेश देते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।