चरस के दो मामले में फरार चल रहे दो मुख्य तस्कर गिरफ्तार
धर्मशाला, 12 फ़रवरी । जिला कांगड़ा पुलिस ने चरस के दो मामलों में फरार चल रहे दो मुख्य तस्करों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में पुलिस थाना बीड़ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव गुनेहड तहसील बैजनाथ जिला कांगडा निवासी विक्की कुमार उर्फ टेकू पुत्र बाबू राम निवासी वार्ड नम्बर 6 कोटली को 118 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले में फरार चल रहे मुख्य तस्कर धनी राम उर्फ गिरधारी लाल उर्फ दिनेश सुपुत्र डोला राम निवासी गांव सांगली डाकघर धमेड तहसील बाली चौकी जिला मंडी को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा दूसरे मामले में शाहपुर पुलिस टीम द्वारा पकड़ी गई 194 ग्राम चरस के मामले में फरार मुख्य तस्कर नितिन गुलेरिया सुपुत्र नरेश कुमार निवासी गावं व डाकघर सपेल तहसील ज्वाली, जिला कांगडा को भी गिरफ्तार किया है।
एसपी कांगड़ा ने बताया कि इन दोनों तस्करों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी के तहत विशेष गुप्त टीमों का गठन करके जिला मंडी व अन्य क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही थी। पुलिस की कार्रवाई के चलते मुख्य तस्कर धनी राम उर्फ गिरधारी लाल उर्फ दिनेश को धमेड बाली चौकी जिला मंडी व नितिन गुलेरिया उपरोक्त को शाहपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है तथा नियमानुसार आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

