भीमताल के जून स्टेट क्षेत्र में पिंजरे में कैद मिला गुलदार
नैनीताल, 17 फ़रवरी । नैनीताल जनपद मुख्यालय के निकटवर्ती भीमताल के जून स्टेट क्षेत्र में मंगलवार प्रातः वन विभाग के द्वारा लगाए गए एक पिंजरे में एक गुलदार कैद मिला। नियमित गश्त के दौरान पिंजरे की जांच में गुलदार दिखाई दिया, जिसके बाद टीम ने उसे सुरक्षित रूप से पकड़कर रानीबाग स्थित बचाव केंद्र भेज दिया। सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी जंगल क्षेत्र की ओर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार मानव पर आक्रमण करने वाला है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इसी क्षेत्र में बीते सोमवार 2 फरवरी को जून स्टेट निवासी राजेंद्र प्रसाद की 60 वर्षीय पत्नी गंगा देवी वन में चारा लेने गयी थीं और वापस नहीं लौटी थीं। खोज के दौरान मंगलवार 3 फरवरीको जंगल की गहरी खाई में इनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था। हाथ-पैर खाए होने और गले पर गहरे दांतों के निशान के आधार पर वन्यजीव के हमले की आशंका व्यक्त की गयी थी।
इससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का वातावरण बना हुआ था। अब गुलदार के पकड़े जाने से लोगों ने कुछ राहत महसूस की है। हालांकि अभी साफ नहीं है कि पकड़ा गया गुलदार महिला पर हमला करने वाला गुलदार है अथवा नहीं। ग्रामीणों का कहना है कि मेहरागांव और जून स्टेट क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही हैं। बीते दो महीनों में क्षेत्र में चार महिलाएं वन्यजीवों का शिकार हो चुकी हैं। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि पकड़ा गया गुलदारमानव पर आक्रमण करने वाला, विशेषकर गंगा देवी को शिकार बनाने वाला है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

