मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, दिन के तापमान में आयी गिरावट, रात और सुबह हल्की ठंड का असर
भोपाल, 12 फरवरी । मध्य प्रदेश में एक बार फिर बादलों ने डेरा डाल लिया है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) और ट्रफ के प्रभाव से बुधवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित कई शहरों में आसमान में बादल छाए रहे। इसके चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने वाले हैं। हालांकि प्रदेश में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन बादल छाए रहने की संभावना बनी रहेगी। अगले तीन से चार दिनों तक ठंड का असर खासकर देर रात और सुबह के समय महसूस होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, मौजूदा सिस्टम के कारण बादल बने हुए हैं। आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी का रुझान देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है और कई राज्यों में बारिश हो रही है। सिस्टम के गुजरने और बर्फ पिघलने के बाद मौसम में फिर बदलाव होगा। अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट का एक और दौर आ सकता है, हालांकि कड़ाके की ठंड की संभावना नहीं है। रात के समय अधिकांश शहरों में तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 13 फरवरी को कुछ जिलों में हल्का कोहरा रह सकता है। बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन दिन में बादल छा सकते हैं। 14 फरवरी को कुछ जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। इस दिन भी बारिश की चेतावनी नहीं है।
प्रदेश में बुधवार की रात शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 5 डिग्री से कम रहा। पचमढ़ी में 7.4 डिग्री, कटनी के करौंदी में 8.4 डिग्री, अनूपपुर के अमरकंटक और मंदसौर में 9.1 डिग्री, खजुराहो में 9.2 और दतिया में 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बड़े शहरों में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। ग्वालियर में 13 डिग्री, उज्जैन और जबलपुर में 13.5 डिग्री, जबकि भोपाल और इंदौर में 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

