विधायक गोपाल शर्मा ने 87 छात्राओं को वितरित की साइकिल
जयपुर, 14 फ़रवरी । सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने शनिवार को बनीपार्क स्थित वीर सावरकर शैक्षणिक परिसर मीरा मार्ग में आयोजित संयुक्त कार्यक्रम में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की 87 छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया। विधायक शर्मा ने सीएसआर सहयोग से स्थापित वाटर कूलर एवं आरओ सिस्टम का लोकार्पण भी किया।
विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की नई शिक्षा नीति ने देश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक-आधारित और कौशल उन्मुख बनाया है। राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रभावी निर्णय ले रही है। राजस्थान सरकार की साइकिल वितरण योजना बालिकाओं को विद्यालय से जोड़ने,ड्रॉपआउट दर कम करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सशक्त पहल है।
विधायक शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब स्कूल के बाद आगे कॉलेज की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। इसी परिसर में क्षेत्र का पहला राजकीय महाविद्यालय प्रारंभ हो चुका है और उसका नया भवन भी निर्माणाधीन है। इससे बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में भी नवाचार, एआई युक्त मॉडल स्मार्ट कक्षाएं और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार किया जा रहा है। विधायक शर्मा ने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।

