MP

ग्वालियरः एसआईआर के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, जिले में कुल 14,29,301 मतदाता

ग्वालियर, 21 फरवरी । निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिये निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्वालियर जिले में भी शनिवार को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया गया।

प्रभारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार सत्यम की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर प्रक्रिया सम्पूर्ण होने की जानकारी दी गई। साथ ही अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली की फोटोयुक्त मतदाता सूची का सेट एवं फोटोरहित मतदाता सूची की सॉफ्टकॉपी (पीडीएफ) प्रदान की गई।

बैठक में बताया गया विशेष गहन पुनरीक्षण की सम्पूर्ण प्रक्रिया उपरांत शनिवार को अंतिम रूप से प्रकाशित फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली में जिले में दर्ज कुल मतदाताओं की संख्या 14 लाख 29 हजार 301 है। जिसमें 7 लाख 56 हजार 790 पुरुष मतदाता, 6 लाख 72 हजार 472 महिला मतदाता व 39 अन्य मतदाता शामिल हैं। बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी सी बी प्रसाद, प्रभारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह, जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण भारतीय जनता पार्टी से सतेन्द्र धाकड़ व जगदीश शर्मा, इंडियन नेशनल कांग्रेस के देशराज भार्गव व चैनसिंह राजपूत, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि रतन बौद्ध एवं आम आदमी के प्रतिनिधि त्रिलोचन सिंह व आशीष राय एवं कम्युनिष्ट पार्टी मार्क्सवादी से श्री एम के जायसवाल सहित अन्य प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम ने एसआईआर कार्य में सहयोग के लिये सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं इस कार्य को अंजाम देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा एसआईआर कार्य को आयोग की मंशा “कोई पात्र मतदाता नामावली में दर्ज होने से ना छूटे एवं कोई अपात्र मतदाता नामावली में सम्मिलित ना रहे” को फलीभूत करने में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जिले के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों एवं उनके दल द्वारा नियुक्त बीएलए का भी विशेष सहयोग रहा। बीएलए ने मतदाताओं व सरकारी अमले के बीच ‘सेतु की भूमिका अदा की।

कुल 103 दिनों में पूर्ण हुई एसआईआर की सम्पूर्ण प्रक्रिया

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा गत 27 अक्टूबर को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की अधिसूचना जारी की गई थी। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत ग्वालियर जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक नामावली के शुद्धिकरण का व्यापक कार्य निर्धारित समयावधि अर्थात 103 दिनों के भीतर पूर्ण किया गया। एसआईआर का काम 4 नवम्बर 2025 से शुरू होकर 14 फरवरी 2026 तक दो चरणों में चला। प्रथम चरण में 04 नवम्बर 2025 से 18 दिसम्बर 2025 तक गणना पत्रकों को मतदाताओं से भरवाना व गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन कार्य किया गया। द्वितीय चरण 23 दिसम्बर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक नोटिसों की सुनवाई एवं दावे/आपत्ति प्राप्त व में निराकरण का कार्य सफलतापूर्वक किया गया।

इस व्यापक कार्य को सीमित अवधि में पूर्ण करने के लिये कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान के नेतृत्व में आयुक्त नगर निगम ग्वालियर, मुख्य कार्यकाल अधिकारी जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, अपर जिला मजिस्ट्रेट, उप जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के ईआरओ, 18 एईआरओ, 116 अतिरिक्त एईआरओ, 1935 मतदान केंद्रों पर नियुक्त बीएलओ, 194 बीएलओ सुपरवाईजर, 41 मास्टर ट्रेनर्स, लगभग 3250 वालेंटियर्स (बीएलओ सहायक कर्मी), 210 आई टी पर्सनल सहित विभिन्न विभागों से संलग्न लगभग 6000 लोक सेवक मुस्तैदी पूर्वक जुटे रहे। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्वाचन आयोग द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को मतदाता सूची फ्रीज की गई थी। उस समय मतदाता सूची में कुल दर्ज मतदाओं की संख्या 16 लाख 49 हजार 943 थी। इन मतदाताओं की मैपिंग गत एसआईआर 2003 की सूची के आधार पर की गई ।

प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसम्बर 2025 को किया गया। प्रारूप मतदाता सूची में 13 लाख 97 हजार 360 मतदाता थे। इसके बाद दावे-आपत्तियों का निराकरण व नोटिसों की सुनवाई की गई। द्वितीय चरण की कार्यवाही के दौरान जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में नोटिसों की सुनवाई, दावे आपत्तियों का निराकरण कर एवं अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता जोड़े गए। इस प्रक्रिया के बाद अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची में 31 हजार 941 मतदाताओं की बढ़ोत्तरी हुई। अर्थात प्रारूप मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या 13 लाख 97 हजार 360 थी जो अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची में बढ़कर 14 लाख 29 हजार 301 हो गई। इसी तरह जेंडर रेशियो में भी सुधार हुआ है।