इंदौरः फैक्ट्री में गंदगी के बीच बन रही थी गुलाब जामुन, खाद्य कारोबार कराया गया बंद
इंदौर, 20 फरवरी । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में मिलावटखोरों के विरुद्ध अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार होली त्यौहार के मद्देनज़र खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम हेतु गठित दलों ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गंदगी के बीच और बिना वैध अनुज्ञप्ति के गुलाब जामुन बनते पाए जाने पर फैक्ट्री मे खाद्य कारोबार बंद कराया गया।
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मिलावटखोरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में आज खंडेलवाल कम्पाउण्ड, उद्योग नगर पालदा स्थित सतगुरु फूड्स का औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर विशाल उदासी खाद्य कारोबार का संचालन करते हुए पाए गए। परिसर मे खाद्य पदार्थ शाही गुलाब जामुन का निर्माण किया जाना पाया गया, परिसर मे निर्माण स्थल मे अत्यंत गंदगी पाई गई, रॉ मटेरियल बिना पैलेटस के अस्वच्छ वातावरण मे रखे पाए गए, पेस्ट कंट्रोल का रिकॉर्ड नहीं पाया गया, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस नहीं पाए गए, कर्मचारीगण बिना कैप के कार्य करते पाए गए, साथ ही खाद्य पदार्थ निर्माण मे प्रयुक्त होने वाले पानी की जाँच रिपोर्ट भी नहीं पाई गई।
मौके पर निर्माण किये जा रहे खाद्य पदार्थ शाही गुलाब जामुन के 800 ग्राम पैक एवं 1500 ग्राम पैक के कुल 02 नमूने लिए गए तथा लगभग 1600 किलोग्राम खाद्य सामग्री को जब्त किया गया। खाद्य पदार्थो के निर्माण स्थल में गंदगी पाये जाने के कारण तथा निर्माण हेतु वैध अनुज्ञप्ति न होने के कारण, आवश्यक सुधार होने तथा अन्य औपचारिकताएं पूर्ण होने तक प्रतिष्ठान मे खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।
इसके अलावा दो अलग-अलग क्षेत्रों में भी गठित दलों द्वारा कार्रवाई की गई। दूसरे दल द्वारा आज पिपलिया राव इंदौर स्थित जय नमकीन प्रोपराइटर संजय गोयल से 01 नमकीन का नमूना लिया गया। साफ सफाई के निर्देश दिए गए।तीसरे दल द्वारा रंजीत हनुमान मंदिर रोड पर स्थित राजकमल भोजनालय का औचक निरिक्षण किया गया। किचन एवं भण्डारण कक्ष का निरीक्षण किया गया। जहाँ खाद्य सामग्री का रख-रखाव अव्यवस्थित पाया गया एवं दस्तावेज़ों की कमी पायी गयी। सुधार हेतु निर्देश दिया गया। साथ ही पनीर एवं आटा के 02 नमूने जाँच हेतु लिये गये। सभी लिए गए नमूनों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मिलावट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी सतत रूप से जारी रहेगी।

