MP

महाशिवरात्रि पर बाबा महाकाल देंगे दिव्य स्वरूप में दर्शन, आज रात ढाई बजे खुलेंगे मंदिर के पट

उज्जैन, 14 फरवरी । मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल के नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर व्यापार स्तर पर तैयारियां की गई हैं। आज शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 2.30 बजे मंदिर के पट खुलेंगे। इसके बाद श्रद्धालु भगवान महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे।

महाकाल प्रबंध समिति के अनुसार, महाशिवरात्रि पर्व रविवार को श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। शनिवार रात 2.30 बजे मंदिर के पट खोले जाएंगे। इसके बाद महाकाल की भस्म आरती की जाएगी। रविवार तड़के 4.30 बजे से दर्शन का सिलसिला शुरू होगा। भगवान पर जलधारा अर्पित की जाएगी। सुबह 7.30 बजे बाल भोग और सुबह 10.30 बजे भोग आरती होगी। दोपहर 12 बजे तहसील तथा शाम 4 बजे होलकर और सिंधिया स्टेट की ओर से पूजा होगी। रात 11 बजे महानिशाकाल में महाकाल की महापूजा शुरू होगी, जो रातभर चलेगी। सोमवार तड़के 4 बजे भगवान को फल व फूलों से बने मुकुट से सजाया जाएगा। सुबह 5 से 10 बजे तक मुकुट दर्शन तथा दोपहर 12 बजे भस्म आरती होगी। दोपहर 2.30 भोग आरती के बाद महापर्व संपन्न होगा। पुजारियों का पारणा कराया जाएगा। इसके बाद नित्य नैमित्तिक क्रम से पूजा-अर्चना होगी, रात 11 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। इस दौरान लगातार 44 घंटे भक्तों को महाकाल के दर्शन होंगे और गर्भगृह में महापूजा संपन्न होगी।

प्रशासन ने महापर्व को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं। बाबा महाकाल को सवा मन फल-फूलों से बने मुकुट (सेहरा) से सजाया जाएगा, साथ ही दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। सामान्य दर्शन, 250 रुपये के शीघ्र दर्शन टिकट तथा वीआईपी श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं। सामान्य श्रद्धालु शनिवार रात 12 बजे से कर्कराज पार्किंग से कतार में लग सकेंगे। प्रशासन का दावा है कि सामान्य श्रद्धालुओं को लगभग 40 मिनट में और शीघ्र दर्शन टिकटधारियों को 25 मिनट में दर्शन कराए जाएंगे।

महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस ने एक बार फिर गूगल मैप की मदद ली है। वाहनों से उज्जैन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुलिस और आईटी टीम मिलकर मैप रूट को नियंत्रित करेगी। जहां भीड़ अधिक होगी या पार्किंग फुल हो जाएगी, वह रास्ता या पार्किंग लोकेशन मैप पर दिखाई नहीं जाएगी, ताकि ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन सुचारु रखा जा सके।

एडिशनल एसपी राहुल देशमुख ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकाल मंदिर में देशभर से 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जबकि एक लाख से ज्यादा वाहन शहर में प्रवेश करेंगे। वाहनों की पार्किंग के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। ट्रैफिक जाम से बचाने और श्रद्धालुओं को सीधे खाली पार्किंग तक पहुंचाने के लिए गुरुग्राम की आईटी कंपनी, साइबर टीम और पुलिस के 10 सदस्यों की संयुक्त टीम गूगल मैप के एल्गोरिदम में तकनीकी बदलाव कर रही है। किसी भी मार्ग पर जाम लगते ही या पार्किंग फुल होते ही वह रास्ता मैप से हटा दिया जाएगा और वैकल्पिक खाली मार्ग सक्रिय कर दिया जाएगा, ताकि बाहर से आने वालों को केवल उपलब्ध रास्ते और पार्किंग ही दिखाई दें।

उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार श्रद्धालुओं को लगभग 40 मिनट में दर्शन कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कर्कराज पार्किंग के पास से बैरिकेडिंग की विशेष व्यवस्था की गई है और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षित व सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के इंतजाम किए हैं।