MP

सागर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स की अज्ञात आरोपी ने गोली मारकर की हत्या

सागर, 05 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ड्यूटी पर जा रही एक स्टाफ नर्स की अज्ञात आरोपी ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। यह घटना शाहगढ़ थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार मृतक नर्स की पहचान दीपशिखा चढ़ार के रूप में हुई है, जो शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ थीं। बुधवार रात वह अपनी नियमित ड्यूटी के लिए अस्पताल पहुंच रही थीं। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 8 बजे अस्पताल के गेट के पास आरोपी ने पहले दीपशिखा को धक्का देकर जमीन पर गिराया और फिर बेहद नजदीक से गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शाहगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उईके भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

जंगल की ओर भागा आरोपी

घटना स्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर शाहगढ़ थाना स्थित है। अस्पताल के पास मुख्य बस स्टैंड भी है, इसके बावजूद आरोपी वारदात को अंजाम देकर जंगल की ओर फरार हो गया। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर दी है। जंगल में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। पास में छतरपुर जिले की सीमा होने के कारण वहां की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

अतिरिक्त एसपी डॉ. संजीव उईके के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। स्वास्थ्य केंद्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।