Rajasthan

चित्तौड़गढ़ में नारकोटिक्स की दोहरी कार्रवाई, 3 क्विंटल से अधिक डोडा चूरा और अफीम बरामद

चित्तौड़गढ़, 15 फरवरी । जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) को दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता मिली है। एक मामले में आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए वाहन में आग लगा दी, लेकिन जवानों की सूझबूझ और बहादुरी से न केवल मादक पदार्थ जब्त किए गए, बल्कि बाड़े में बंधे मवेशियों की जान भी बचा ली गई।

उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा नरेश बुंदेल ने बताया कि पहली कार्रवाई गंगरार उपखंड क्षेत्र के मान सिंहजी का खेड़ा गांव में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर CBN चित्तौड़गढ़ सेल की टीम ने एक बाड़े पर छापा मारा। छापे के दौरान आरोपियों ने बाड़े में खड़ी बोलेरो गाड़ी में आग लगा दी ताकि सबूत नष्ट किए जा सकें।

आग और अंदर बंधे पशुओं को खतरे के बीच एक जवान ने करीब 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर बहादुरी से बाड़े में प्रवेश किया और गेट खोलकर टीम को अंदर बुलाया। आग की लपटों से घबराए भैंसों को खोलकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। मौके से 323.630 किलोग्राम डोडा चूरा और बोलेरो वाहन जब्त किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। एक आरोपी को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है।

दूसरी कार्रवाई में CBN चित्तौड़गढ़ सेल और चित्तौड़गढ़ डिवीजन तृतीय की संयुक्त टीम ने डूंगला तहसील के झाजलवास गांव स्थित एक मकान पर छापा मारा। वहां से 9.570 किलोग्राम अवैध अफीम और 163.420 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। इस मामले में भी एक आरोपी को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।