नए स्टेडियम निर्माण के संबंध में कोई स्वीकृति नहीं
जयपुर, 25 फ़रवरी । युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने बुधवार को विधानसभा में स्पष्ट किया कि इंटीग्रेटेड स्टेडियम नीति-2015 तथा मेजर ध्यानचंद स्टेडियम योजना के तहत निर्धारित नियमों के अनुरूप ही स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव प्रस्तुत किए जा सकते हैं। वर्तमान में नए स्टेडियम निर्माण के संबंध में कोई स्वीकृति जारी नहीं की गई है।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक प्रताप सिंह सिंघवी द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के उत्तर में मंत्री ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, छबड़ा तथा छीपाबड़ौद में पहले से स्टेडियम स्थापित हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर पालिका छबड़ा की ओर से किसी भी योजना के तहत स्टेडियम निर्माण के लिए खेल विभाग को कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है।
मंत्री ने जानकारी दी कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत छबड़ा स्टेडियम में छह कार्यों को अनुमोदित किया गया था, जिनमें से कन्वेंशन सेंटर का कार्य निरस्त कर दिया गया है। इन कार्यों की कार्यकारी एजेंसी खेल विभाग न होकर ग्रामीण विकास विभाग है।
लिखित जवाब में मंत्री ने बताया कि छबड़ा और छीपाबड़ौद के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में स्टेडियम निर्माण का कार्य कार्यकारी एजेंसी आरएसआरडीसी के माध्यम से कराया गया था। वर्ष 2015-16 में रा.उ.मा.वि. छबड़ा में चारदीवारी, मैदान समतलीकरण एवं अन्य कार्यों के लिए 51.21 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे।
इसी प्रकार रा.उ.मा.वि. छीपाबड़ौद में फुटबॉल मैदान, चारदीवारी एवं अन्य कार्यों के लिए 51.21 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी। विभाग द्वारा स्वीकृत राशि व्यय कर दोनों स्टेडियमों के कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं।

