गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा एवं पॉलिथीन मुक्त मांग को लेकर 13 फरवरी से जनचेतना यात्रा
जोधपुर, 03 फरवरी । हिन्दू शक्ति गौ सेवा संस्थान जोधपुर द्वारा गौ संरक्षण, पर्यावरण शुद्धि तथा राजमार्गों पर गौवंश के बढ़ते सडक़ हादसों के विरोध में आगामी 13 फरवरी से एक विशाल जनचेतना पदयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा प्रात: 5 बजे जोधपुर से खाटू श्यामजी एवं सालासर बालाजी तक जाएगी।
संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशकरण भाटी ने बताया कि प्रतिदिन राजमार्गों पर गौ माता के 1 से 5 एक्सीडेंट के मामले सामने आते हैं, जिनका उपचार संस्थान एवं गौशालाओं के सहयोग से किया जा रहा है। इसी को देखते हुए केंद्र सरकार से गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग को लेकर यह यात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि सडक़ों पर फैला पॉलिथीन गौवंश के लिए जानलेवा बन रहा है। इसे लेकर शीघ्र ही जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जोधपुर को ‘पॉलिथीन मुक्त शहर’ घोषित करने की मांग की जाएगी। संस्थान ने सभी गौ-सेवकों एवं धर्मप्रेमी जनता से लापसी आयोजन एवं 13 फरवरी की पदयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में जुडऩे की अपील की है।

