राजकीय उद्यान चन्द्रशेखर आजाद पार्क में आयोजित होगी तीन दिवसीय पुष्प एवं शाकभाजी प्रदर्शनी
प्रयागराज, 17 फ़रवरी । राजकीय उद्यान चन्द्रशेखर आजाद पार्क में फल, शाकभाजी एवं पुष्प कारोबार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 20 फरवरी से तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी मंगलवार को राजकीय उद्यान अधीक्षक प्रयागराज जगदीश प्रसाद ने दी।
उन्होंने बताया कि मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी-2026 का आयोजन 20, 21, व 22 फरवरी को चन्द्रशेखर आजाद पार्क में कराया जा रहा है। जिसका उद्घाटन 20 फरवरी को अपराह्न 4:30 बजे मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह द्वारा किया जायेगा तथा 22 फरवरी को अपराह्न 04:00 बजे समापन व पुरस्कार वितरण उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग अध्यक्ष संजय श्रीनेत करेंगे। उन्होंने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी को कुल-26 विभागों में बाँटा गया है, जिसमें गमलों में लगे मौसमी फूल, शोभाकार हरे भरे पौध, कैक्टस एवं सकुलेन्ट पौधे, कटे गुलाब के फूल, कटे मौसमी फूल, पुष्प विन्यास, शाकभाजी, फल, खाद्य प्रसंस्करण के अन्तर्गत फलों से बने पदार्थ प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, शहद, फोटोग्राफी एवं पेन्टिंग आदि की प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इस प्रदर्शनी में बंगला उद्यान प्रतियोगिता का भी आयोजन कराया गया है। जिसमें कुल-149 प्रतियोगियों द्वारा प्रतिभाग किया गया है तथा जजिंग का कार्य भी पूर्ण कराया जा चुका है। बंगला उद्यान प्रतियोगिता के विजेताओं को पुष्प प्रदर्शनी के अन्तिम दिवस 22 फरवरी को पुरस्कृत किया जायेगा। मण्डल के कृषकों, बागवानों एवं पुष्पों में अभिरूचि रखने वाले उक्त प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रदर्शनी में 19 फरवरी से 20 फरवरी की सुबह दस बजे तक उपस्थित होकर लगायी जा सकती है। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पंजीकरण निःशुल्क है। इस संबंध में किसी भी कार्य दिवस में जानकारी चन्द्रशेखर आजाद पार्क में राजकीय उद्यान अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।

