विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं से बहस का मामला: एमजी कॉलेज प्रिंसिपल एपीओ, मुख्यालय में हाजिरी के आदेश
उदयपुर के राजकीय मीरा गर्ल्स कॉलेज में एबीवीपी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन और प्रिंसिपल द्वारा कथित अभद्र भाषा प्रयोग के मामले में उच्च शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय के आयुक्त ओपी बैरवा ने आदेश जारी कर कॉलेज प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी को एपीओ करते हुए मुख्यालय में उपस्थिति देने के निर्देश दिए हैं।
घटना तीन दिन पूर्व की है, जब परीक्षा परिणाम में अनियमितता और मेधावी छात्राओं को मिलने वाली स्कूटी वितरण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी को उनके चैंबर में ही बंद कर दिया गया था।
छात्राओं का आरोप है कि जब वे अपनी मांगों को लेकर प्रिंसिपल से बातचीत करने गईं, तब उन्होंने अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। छात्राओं के अनुसार प्रिंसिपल ने उन्हें “बीमारी” और “कठपुतली” जैसे शब्द कहे, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद कॉलेज का मुख्य द्वार तथा प्रिंसिपल का चैंबर खुलवाया।
एबीवीपी कार्यकर्ता सुमन कुंवर ने आरोप लगाया कि बीए प्रथम, बीए चतुर्थ और बीएससी द्वितीय सेमेस्टर के परिणामों में धांधली की गई है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्राओं के लिए स्वीकृत स्कूटियां तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद वितरित नहीं की गईं। इसके अलावा बीएससी के कुछ विषयों में बड़ी संख्या में छात्राओं को फेल कर बाद में रिविल के नाम पर राशि वसूले जाने का भी आरोप लगाया गया। वहीं, प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह प्रदर्शन पूर्व नियोजित था। विभाग के आदेशों की पालना करने की बात उन्होंने कही है।

