राजस्थान के मौसम में बदलाव: बढ़ा तापमान, सर्दी धीरे-धीरे हुई कम
जयपुर, 11 फ़रवरी । राजस्थान में मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण प्रदेशभर में सर्दी का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। कई जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है और तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर, श्रीगंगानगर, चूरू, झुंझुनूं और सीकर क्षेत्रों में मंगलवार दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल छा गए। चूरू और श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी हुई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अचानक तापमान बढ़ने और वातावरण में नमी (ह्यूमिडिटी) की मात्रा अधिक होने के कारण स्थानीय स्तर पर बादल बने, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिला।
श्रीगंगानगर के सादुलशहर में बूंदाबांदी के बाद लोगों को फिर हल्की सर्दी का अहसास हुआ।
मंगलवार को प्रदेश के कई शहरों में हल्की गर्मी रही। बाड़मेर, पिलानी, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, चूरू, फतेहपुर और दौसा सहित सात शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस मापा गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां दिनभर तेज धूप खिली रही और देर शाम तक सर्दी का असर कम नजर आया। चूरू में बारिश के बाद लोगों को तेज धूप से कुछ राहत मिली।
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है।
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में रात की सर्दी लगभग गायब हो गई, जहां न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बीकानेर में 15.1, झुंझुनूं में 14, जयपुर में 14.5 और अजमेर में 13.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान मापा गया।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेशवासियों को ठंड से बड़ी राहत मिलती नजर आ रही है और आने वाले दिनों में मौसम लगभग इसी तरह बना रह सकता है।

